
नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने कच्ची चीनी के आयात को लेकर बड़ा फैसला लिया है. सरकार ने 10 लाख मीट्रिक टन कच्ची चीनी के ड्यूटी फ्री आयात की समयसीमा को तीन महीने के लिए बढ़ा दिया है. अब आयातकों को 31 दिसंबर 2026 के बजाय 31 मार्च 2027 तक इस सुविधा का लाभ मिल सकेगा.
यह छूट टैरिफ रेट कोटा (TRQ) व्यवस्था के तहत दी गई है. सरकार के इस फैसले से कच्ची चीनी के आयातकों को अतिरिक्त तीन महीने का समय मिलेगा, जिससे वे निर्धारित कोटे के तहत बिना आयात शुल्क के चीनी मंगा सकेंगे.
इस संबंध में विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. हालांकि, सरकार ने आयात से जुड़ी अन्य सभी शर्तों को पहले की तरह बरकरार रखा है. यानी बदलाव केवल आयात की समयसीमा में किया गया है, बाकी नियमों में कोई संशोधन नहीं किया गया है.