
नई दिल्लीः बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वतन वापसी को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं. शेख हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौट सकती हैं. खास बात यह है कि उनकी वापसी के लिए बांग्लादेश की सरकारी एयरलाइन बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस के विमान की व्यवस्था करने की मांग भी सामने आई है.
साल 2024 में बांग्लादेश में हुए छात्र आंदोलन और राजनीतिक उथल-पुथल के बाद शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ा था. इसके बाद वह भारत आ गई थीं और तब से भारत में रह रही हैं. अब उनकी संभावित वापसी की खबर ने बांग्लादेश की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है. बताया जा रहा है कि शेख हसीना ने अपने नए पासपोर्ट और दूसरे जरूरी यात्रा दस्तावेज हासिल करने की प्रक्रिया भी शुरू करने की कोशिश की है. बांग्लादेश छोड़ने के बाद उनके पुराने दस्तावेज रद्द कर दिए गए थे.
16 दिसंबर की तारीख इस लिए अहमः
शेख हसीना की वापसी की संभावित तारीख 16 दिसंबर को इस लिए भी अहम मानी जा रही है. बांग्लादेश में इस दिन विजय दिवस मनाया जाता है. 1971 में पाकिस्तान से मुक्ति की याद में हर साल यह राष्ट्रीय दिवस मनाया जाता है. शेख हसीना के प्रवक्ता के मुताबिक पूर्व प्रधानमंत्री इसी खास मौके पर ढाका लौटना चाहती हैं.
प्रत्यर्पण के लिए औपचारिक अनुरोध भी भेजाः
हालांकि उनकी वापसी का रास्ता आसान नजर नहीं आ रहा है. बांग्लादेश की मौजूदा सरकार का कहना है कि शेख हसीना की वापसी भारत और बांग्लादेश के बीच मौजूद प्रत्यर्पण संधि के तहत होनी चाहिए. ढाका की ओर से भारत को उनके प्रत्यर्पण के लिए औपचारिक अनुरोध किया गया है. ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि क्या शेख हसीना 16 दिसंबर को वाकई ढाका पहुंचेंगी या उनकी वापसी को लेकर अभी और इंतजार करना पड़ेगा?