
नई दिल्ली: अमेरिका में शक्तिशाली तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. तेज हवाओं और भारी बारिश के चलते 9 लाख से ज्यादा घरों की बिजली गुल हो गई है. वहीं, हजारों उड़ानों में देरी हुई है और सैकड़ों उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं. मौसम विभाग ने न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी समेत कई इलाकों में अलर्ट जारी किया है.
14 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच सकता है समुद्र का जलस्तर:
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि समुद्र का जलस्तर 14 साल के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच सकता है. इसके चलते न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और फिलाडेल्फिया समेत कई इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है.
'नॉरईस्टर' तूफान ने बढ़ाई चिंता:
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका के पूर्वी तट की ओर बढ़ रहे इस तूफान को 'नॉरईस्टर' कहा जाता है. इस तरह के तूफान तेज हवाओं, भारी बारिश और समुद्र में उठने वाली ऊंची लहरों के लिए जाने जाते हैं.
पश्चिमी तट पर ऊंची लहरों से नुकसान:
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका के पश्चिमी तट पर समुद्र में उठ रही ऊंची लहरों ने किनारों पर बने कई ढांचों को नुकसान पहुंचाया है. सैन डिएगो के आसपास समुद्र का जलस्तर पुराने रिकॉर्ड को भी पार कर गया है. इससे निचले इलाकों में जलभराव का खतरा बढ़ गया है.
सुपरस्टॉर्म सैंडी के बाद सबसे ज्यादा जलस्तर का अनुमान:
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका के पूर्वी तट पर साल 2012 में आए सुपरस्टॉर्म सैंडी के बाद समुद्र का जलस्तर सबसे अधिक रहने का अनुमान जताया गया है. वहीं, डेलावेयर और न्यू जर्सी के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के कारण बिजली की लाइनें टूटने और विद्युत आपूर्ति बाधित होने की आशंका बनी हुई है.