जयपुर: जयपुर नगर निगम चुनाव की जंग के चलते सियासी घमासान जारी है.चुनावी जंग जीतने के लिए कांग्रेस ने कई वादों के साथ घोषणा पत्र जारी किया है.घोषणा पत्र में गुलाबी नगरी के विकास और आमजन की सुविधाओं के लिए कईं दावे किए गए है.वार्ड सभा और वार्ड मित्र बनाने का ऐलान किया है.साथ ही शहरी केन्द्र खोलने,पैदल मार्ग और साइकिल ट्रेक बनाने जैसे वादे किए गए हैं.
सियासी नजरिए से बेहद अहम जयपुर नगर निगम चुनाव की जंग जीतने के लिए तमाम सियासी दलों ने अब पूरी ताकत झोंक दी है.भाजपा के बाद अब आज कांग्रेस ने भी चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया. जयपुर शहर कांग्रेस कमेटी ने घोषणा पत्र में कईं लोकलुभावन घोषणाएं की है.घोषणा पत्र में ट्रैफिक जाम मुक्त पिंकसिटी का वादा किया गया है.साथ ही पब्लिक टॉयलेट,नियमित सफाई और सड़कों का जाल बिछाने का वादा किया है.
हर वार्ड में साल में होगी 4 वार्ड सभाएं:
-वार्ड सभाओं में विकास कार्यों का फैसला जनता करेगी
-स्वेच्छा से शहर के विकास में योगदान देने वालों को बनाएंगे वार्ड मित्र
-हर समस्या के समाधान के लिए बनेगा जयपुर कॉर्डिनेशन तंत्र
-प्रमुख एरिया के लिए एक कॉर्डिनेशन ऑफिसर की होगी नियुक्ति
-2032 तक जयपुर में 150 एकीकृत वार्ड शहरी केन्द्र खोले जाएंगे
-दमकल और एंबुलेंस जैसे इमरजेंसी वाहनों के लिए प्राथमिक मार्ग बनाए जाएंगे
-हर साल करीब 100 किलोमीटर पैदल मार्ग सुधार का लक्ष्य
-150 पब्लिक नॉलेज सेंटर और लाइब्रेरी खुली जाएगी
-10 हजार शिल्पकारों को कराया जाएगा बाजार मुहैया
-सूरजपोल से चांदपोल तक विशेष हेरिटेज वॉक वे विकसित किया जाएगा
-300 नए पब्लिक टॉयलेट बनाए जाएंगे
-बच्चों के साथ आने वाली महिलाओं के लिए डायपर चेंजिंग सुविधा होगी
-दलाल मुक्त सरकारी सुविधा के साथ सारा काम ऑनलाइन-डिजिटल होगा
घोषणा पत्र को जारी करते हुए कांग्रेस ने दावा किया कि यह महज एक घोषणाओं का पुलिंदा नहीं बल्कि जयपुर के विकास के लिए विजन है.कांग्रेस ने कहा कि आज जयपुर में लोग घंटों जाम में फंसे रहते है.टूटी सड़कों पर चलने को मजबूर है और सरकारी दफ्तरों में कहीं उनकी सुनवाई नहीं हो रही.
कांग्रेस ने मतदान से ठीक 5 दिन पहले अपना घोषणा पत्र जारी किया है.वहीं फील्ड में भी कांग्रेस नेताओं ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक रखी है.लेकिन कांग्रेस का राजधानी में पिछले कई सालों से बोर्ड नहीं बना है.लिहाजा कांग्रेस पार्टी इस बार हर मोर्चे पर चुनावी रणनीति को अंजाम दे रही है...अब देखना है कि निगम चुनाव की जंग जनता कांग्रेस के वादों पर कितना भरोसा करती है.