मानसून की विदाई के बाद गर्मी ने दिखाए तेवर, राजस्थान में 40 डिग्री के पार पहुंचने लगा तापमान

मानसून की विदाई के बाद गर्मी ने दिखाए तेवर, राजस्थान में 40 डिग्री के पार पहुंचने लगा तापमान

जयपुर: मानसून की विदाई के साथ ही प्रदेश में गर्मी ने एक बार फिर अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. कई शहरों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है और गर्मी से फिलहाल राहत मिलने के आसार कम हैं.

इस बार प्रदेश से मानसून की विदाई सामान्य समय की तुलना में करीब तीन दिन देरी से हुई. हालांकि, पूरे मानसून सीजन में सामान्य से करीब 22 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई. मानसून के जाते ही मौसम में बदलाव देखने को मिला है और दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है.

बीते दिन झुंझुनूं के पिलानी में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया. इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में भी तेज धूप के चलते तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है. इस दौरान तेज धूप के साथ गर्मी का असर जारी रह सकता है. 

प्रदेश के अधिकांश शहरों में तापमान करीब 30 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. मानसून की विदाई के बाद बारिश की गतिविधियां थमने और आसमान साफ रहने से दिन में धूप का असर बढ़ गया है. ऐसे में लोगों को आने वाले दिनों में गर्मी और तेज धूप का सामना करना पड़ सकता है.

मानसून की विदाई के बाद गर्मी दिखा रही तेवर: 
-प्रदेश में 40 डिग्री के पार पहुंचने लगा तापमान 
-इस बार करीब 3 दिन देरी से विदा हुआ मानसून 
-सामान्य से 22 फीसदी कम बरसा मानसून 
-मानसून के जाने के साथ ही गर्मी भी होने लगी तेज 
-कल झुंझुनूं के पिलानी में 41 डिग्री पार दर्ज हुआ पारा 
-मौसम विभाग के अनुसार सप्ताहभर तक साफ रहेगा आसमान
-फिलहाल इसी तरह की गर्मी और धूप रहने की संभावना 
-अधिकांश शहरों का 30 से 42 डिग्री रह सकता तापमान