नई दिल्लीः भारत और न्यूजीलैंड (IND vs NZ) के बीच 5 मैचों की वनडे सीरीज का चौथा मुकाबला शुक्रवार (13 नवंबर) को माउंट माउंगानुई के बे ओवल में खेला गया. मुकाबले के दौरान उस वक्त माहौल गरमा गया, जब इंडियन क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार और न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सीफर्ट के बीच तीखी नोकझोंक हो गई. इस दौरान विराट कोहली ने बीच-बचाव करते हुए दोनों खिलाड़ियों को अलग किया.
A FIERY SEND-OFF! 😤 Gurnoor Brar gets Tim Seifert, and has a few words to go with it! 🔥 Watch the HERO VIDA India Tour of New Zealand 4th ODI LIVE NOW on Sony Sports Network TV channels, Sony Vizha & Sony LIV. #SonySportsNetwork #SonyVizhaw #SonyLIV #NZvIND https://t.co/Y0VE4rtOTc
— Sony Sports Network (@SonySportsNetwk) November 13, 2026
विकेट लेने के बाद आक्रामक हुए गुरनूर बरार
ये घटना न्यूजीलैंड की पारी के 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर हुई. गुरनूर बरार ने शॉर्ट गेंद डाली, जिस पर टिम सीफर्ट ने पुल शॉट खेलने का प्रयास किया. हालांकि, गेंद उनके बल्ले के ऊपरी हिस्से से लगकर हवा में चली गई. विकेट के पीछे मौजूद ईशान किशन ने अपनी बाईं ओर दौड़ लगाते हुए शानदार डाइव लगाकर कैच लपक लिया. सीफर्ट का विकेट लेने के बाद गुरनूर बरार काफी आक्रामक अंदाज में जश्न मनाते नजर आए. वे कीवी बल्लेबाज के करीब पहुंच गए, जिसके बाद दोनों के बीच कुछ शब्दों का आदान-प्रदान हुआ.
विराट कोहली ने किया बीच-बचाव:
मैदान पर बढ़ते तनाव को देखते हुए विराट कोहली ने तुरंत हस्तक्षेप किया और गुरनूर बरार को सीफर्ट से दूर किया. हालांकि, इस दौरान कोहली भी जोश में नजर आए और उन्होंने सीफर्ट की ओर देखकर अपनी प्रतिक्रिया दी.
गावस्कर ने जताई नाराजगी:
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने गुरनूर बरार के व्यवहार पर नाराजगी जताई. गावस्कर का मानना था कि जब बल्लेबाज आउट हो चुका था, तो उससे बहस करने की कोई जरूरत नहीं थी. आपको बता दें कि टिम सीफर्ट ने 48 गेंदों में 58 रनों की शानदार पारी खेली. इस दौरान उन्होंने छह चौके और तीन छक्के लगाए. सीफर्ट ने विल यंग के साथ पहले विकेट के लिए 85 रनों की साझेदारी कर न्यूजीलैंड को मजबूत शुरुआत दिलाई.