जयपुर: देशभर में मौसम पर अलनीनो का असर देखने को मिल रहा है. आधा नवंबर बीतने के बावजूद उत्तर भारत में अभी तक सर्दी का खास अहसास नहीं हुआ है. दिन में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है, वहीं रात में भी अपेक्षित ठंड महसूस नहीं हो रही है.
मौसम संबंधी अनुमान के अनुसार, नवंबर के आखिरी सप्ताह में तापमान में गिरावट आ सकती है. हालांकि, दिसंबर से फरवरी के बीच इस बार उत्तर भारत में सर्दी का असर सामान्य से कम रहने की संभावना है. प्रशांत महासागर में करीब दो महीने तक मजबूत अलनीनो की स्थिति बनी रहने का अनुमान है, जिसका असर भारत के मौसम पर भी पड़ सकता है. हालांकि, बीच-बीच में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है.
बंगाल की खाड़ी में तूफान के संकेत
वहीं, बंगाल की खाड़ी में 16 नवंबर तक नया तूफानी सिस्टम सक्रिय होने के संकेत हैं. इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में देश के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.