जयपुर : मानसून की मेहर से राजस्थान महरूम है. प्रदेश में किसी भी केंद्र पर बारिश दर्ज नहीं हुई है. पिछले 24 घंटे के दौरान कहीं भी बारिश दर्ज नहीं हुई है. पिछले 24 घंटे में जल संसाधन विभाग के आंकड़ों में बारिश का रिकॉर्ड जीरो है.
जुलाई में लंबे समय बाद ऐसा सूखा दिन दिखाई दिया है. जबकि पिछले 2 साल जुलाई में जमकर बदरा बरसे. अब तो बांधों में पानी की आवक भी बंद हो चली है. बांधों का जलस्तर बढ़ने की वजह गिरने लगा है. जबकि पिछले साल बीसलपुर बांध में लगातार पानी की आवक हुई थी.
थम गई मानसून की रफ्तार:
बता दें कि राजस्थान में मानसून की रफ्तार थम गई है, 15 जुलाई बाद फिर सिस्टम सक्रिय हो सकता है. आज राज्य के 9 जिलों में बारिश की संभावना है, अधिकांश इलाकों में मौसम ड्राई रहेगा. आज पश्चिमी राजस्थान में भी बारिश के आसार नहीं, तेज हवाएं चल सकती हैं.
बीकानेर और जोधपुर संभाग में आज तेज हवाएं चलने की संभावना है. कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी के आसार बने रहेंगे. वहीं बारिश थमने के कारण कई जिलों में गर्मी और उमस बढ़ी है. रविवार को 41 डिग्री के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला फलोदी रहा.