JDA में पोस्टिंग... PHQ का नया नियम, 100 से ज्यादा इंस्पेक्टरों में से 22 शॉर्टलिस्ट, देखिए खास रिपोर्ट

जयपुरः जयपुर विकास प्राधिकरण की प्रवर्तन शाखा में प्रतिनियुक्ति पर जाने के इच्छुक पुलिस निरीक्षकों के लिए अब चयन प्रक्रिया और अधिक प्रतिस्पर्धी हो गई है. पुलिस मुख्यालय ने जेडीए में पुलिस निरीक्षकों की प्रतिनियुक्ति के लिए नई प्रक्रिया अपनाते हुए इंटरव्यू के आधार पर चयन करने का फैसला किया है. इसके लिए पुलिस मुख्यालय ने बाकायदा एक चयन बोर्ड का गठन किया है, जिसमें पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों के साथ जेडीए के अधिकारी भी शामिल किए गए हैं.

जानकारी के अनुसार जेडीए की प्रवर्तन शाखा में पुलिस निरीक्षकों की प्रतिनियुक्ति के लिए पुलिस मुख्यालय की ओर से आवेदन मांगे गए थे. इस प्रक्रिया में 100 से अधिक पुलिस निरीक्षकों ने जेडीए में जाने की इच्छा जताते हुए आवेदन किए थे. आवेदनों की जांच और निर्धारित मापदंडों के आधार पर अब इनमें से केवल 22 पुलिस निरीक्षकों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है.शॉर्टलिस्ट किए गए पुलिस निरीक्षकों के इंटरव्यू कल पुलिस मुख्यालय में आयोजित किए जाएंगे. इसके लिए चयन बोर्ड का गठन किया गया है. बोर्ड में पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा जेडीए के अधिकारी भी शामिल रहेंगे. इससे चयन प्रक्रिया में पुलिस विभाग के साथ जेडीए की जरूरतों और प्रवर्तन कार्य से जुड़े अनुभव को भी महत्व दिए जाने की संभावना है.अब केवल आवेदन करने या वरिष्ठता के आधार पर जेडीए में प्रतिनियुक्ति का रास्ता आसान नहीं होगा. शॉर्टलिस्ट किए गए पुलिस निरीक्षकों को इंटरव्यू की प्रक्रिया से गुजरना होगा और इसमें सफल रहने वाले निरीक्षकों को ही जेडीए की प्रवर्तन शाखा में प्रतिनियुक्ति दी जाएगी. ऐसे में 22 निरीक्षकों के बीच जेडीए में जगह बनाने के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा.   

जेडीए की प्रवर्तन शाखा में पुलिस अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण रहती है. अतिक्रमण हटाने, अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई, प्रवर्तन टीम को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने जैसे कार्यों में पुलिस अधिकारियों की जरूरत रहती है. ऐसे में जेडीए में प्रतिनियुक्ति के लिए पुलिस निरीक्षकों के अनुभव और कार्यक्षमता को भी अहम माना जा रहा है.पुलिस मुख्यालय के इस फैसले को जेडीए में प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और जरूरत के अनुरूप बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. आवेदन करने वाले 100 से अधिक निरीक्षकों में से केवल 22 को शॉर्टलिस्ट किया जाना बताता है कि चयन प्रक्रिया में निर्धारित मापदंडों को गंभीरता से लागू किया गया है.अब इंटरव्यू बोर्ड के सामने शॉर्टलिस्ट किए गए निरीक्षकों की क्षमता, अनुभव और जेडीए की प्रवर्तन शाखा में काम करने की उपयुक्तता परखी जाएगी. इंटरव्यू के बाद चयनित पुलिस निरीक्षकों की प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. यानी इस बार जेडीए में जगह पाने के लिए सिर्फ इच्छा जताना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि इंटरव्यू में बेहतर प्रदर्शन करना अनिवार्य होगा.