ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर भीषण बस हादसा, 8 लोगों की मौत, 20 घायल, पीएम मोदी और सीएम धामी ने जताया दुख

उत्तराखंड: ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर टिहरी गढ़वाल के गूलर क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हुआ. हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही एक बस अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई. हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत और 20 लोगों के घायल होने की सूचना है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. जानकारी के मुताबिक गुलार बाजार के पास एक पुल से लगभग 100 मीटर नीचे एक बस खाई में गिर गई.

सूचना मिलने पर, ब्यासी और ढालवाला स्थित SDRF की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया. टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और SSP श्वेता चौबे घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक बस में लगभग 30-35 लोग सवार थे, जिनमें से करीब 20 घायलों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। घायलों को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया जा रहा है. 

एम्स के नोडल अधिकारी डॉ. मधुर उनियाल ने बताया कि हमें प्रशासन से बस दुर्घटना की सूचना मिली, जिसके बाद सुबह 6:30 बजे से घायलों को हमारे अस्पताल लाया जाने लगा. अब तक 22 घायल मरीजों को लाया गया है जिनमें से 2 को मृत अवस्था में लाया गया था. इसके अलावा 5 और लोगों को अभी लाया गया है वे भी मृत अवस्था में थे हमारे डॉक्टर अभी उनकी जांच कर रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनमें जीवित होने के कोई संकेत हैं या नहीं. घायलों की जांच चल रही है. शुरुआती आकलन के आधार पर 6 लोगों की हालत गंभीर पाई गई है... हमारे पास 22 मरीज आए हैं, जिनमें से 2 को मृत लाया गया था। कुल 20 घायल हैं, जिनमें से ज्यादातर को गंभीर चोटें आई हैं. 

बस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया दुख:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर हुए बस हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट:
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट किया, ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के गूलर, रुद्रप्रयाग जनपद के ऊखीमठ क्षेत्र तथा टिहरी जनपद की दोगी पट्टी के बांसकाटल में हुई सड़क दुर्घटनाओं में यात्रियों के हताहत होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ. इन दुर्घटनाओं में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें. दुर्घटनाओं में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं. संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा प्रभावितों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जाए.

हैप्पी बर्थडे जयपुर — क्लिक करें