जयपुर में आज सफाई व्यवस्था का काम रहेगा प्रभावित, सामूहिक अवकाश पर रहेंगे नगर निगम के सफाई कर्मचारी

जयपुर शहर में आज सफाई व्यवस्था का काम प्रभावित रहेगा. आज नगर निगम के सफाई कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे. नियमित कर्मचारियों के अलावा अस्थायी कर्मचारियों से काम बंद रखने का आह्वान किया गया
विस्तार में

जयपुरः जयपुर शहर में आज सफाई व्यवस्था का काम प्रभावित रहेगा. आज नगर निगम के सफाई कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे. नियमित कर्मचारियों के अलावा अस्थायी कर्मचारियों से काम बंद रखने का आह्वान किया गया है. 

कचरा डिपो से कचरा उठाने और डोर टू डोर कचरा कलेक्शन का काम भी प्रभावित होगा. कर्मचारी अपने-अपने वार्ड कार्यालयों में हाजिरी लगाने के बाद हेरिटेज निगम मुख्यालय पहुंचेंगे. हेरिटेज निगम मुख्यालय पर आयोजित सभा में हड़ताल की रूपरेखा तय की जाएगी.

अनुभव प्रमाण पत्र नहीं बनने से नाराजगीः
सफाई कर्मचारी भर्ती के लिए अनुभव प्रमाण पत्र नहीं बनने से नाराजगी है. नाराज संयुक्त वाल्मीकि एवं सफाई श्रमिक संघ ने कल हड़ताल का ऐलान किया था. गौरतलब है कि प्रदेश में 23 हजार 820 पदों पर सफाई कर्मचारियों की भर्ती होनी है. नगरीय निकायों में होने वाली इस भर्ती के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 27 नवंबर है.