PF खाताधारकों के लिए बड़ी राहत! अब खाते से निकाल सकेंगे 90% तक रकम, रिटायरमेंट के बाद भी मिलता रहेगा ब्याज

नई दिल्ली: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने PF खाताधारकों को बचत और निकासी के मामले में बड़ी राहत देने की दिशा में अहम फैसला लिया है. EPFO बोर्ड की बैठक में Systematic Withdrawal Plan (SWP) को मंजूरी दिए जाने से कर्मचारियों को अपने PF फंड के इस्तेमाल में पहले से ज्यादा लचीलापन मिलेगा. नए प्रावधानों के तहत अब कर्मचारी अपने PF खाते में जमा राशि का 90 प्रतिशत तक निकाल सकेंगे, जबकि शेष 10 प्रतिशत रकम खाते में सुरक्षित रखनी होगी.

नए नियमों के अनुसार PF खाते में न्यूनतम बैलेंस बनाए रखने की सीमा को 25 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत किया गया है. इससे जरूरत पड़ने पर कर्मचारियों को अपनी बचत का बड़ा हिस्सा निकालने की सुविधा मिलेगी. खास बात यह है कि रिटायरमेंट के बाद कर्मचारी अपनी PF राशि एकमुश्त निकालने के बजाय मासिक किस्तों में भी प्राप्त कर सकेंगे. खाते में बची हुई रकम पर ब्याज मिलता रहेगा और खाताधारक की मृत्यु होने पर शेष फंड का लाभ नॉमिनी को मिलेगा.

नौकरी छूटने पर भी मिलेगी राहत:
PF निकासी से जुड़े नियमों में भी बदलाव किया गया है. नौकरी छूटने की स्थिति में अब दो महीने बाद पूरा PF निकालने का प्रावधान किया गया है. इसके साथ ही फाइनल सेटलमेंट के लिए 12 महीने के इंतजार की पुरानी व्यवस्था में बदलाव किया गया है. पेंशन की राशि निकालने के लिए 36 महीने की प्रतीक्षा अवधि का प्रावधान भी किया गया है.

15 हजार से बढ़कर 25 हजार हुई वेतन सीमा:
अनिवार्य PF के दायरे में आने वाले कर्मचारियों के लिए वेतन सीमा को 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये किए जाने का भी प्रावधान है. इससे अधिक कर्मचारियों को EPFO के सामाजिक सुरक्षा दायरे में लाने का रास्ता खुलेगा.

कर्मचारियों के लिए क्यों अहम है यह बदलाव?
इन प्रस्तावित बदलावों का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को उनकी भविष्य निधि की रकम पर अधिक नियंत्रण देना और जरूरत के समय आर्थिक मदद उपलब्ध कराना है. रिटायरमेंट के बाद मासिक निकासी की सुविधा से नियमित आय का विकल्प मिलेगा, वहीं खाते में बची राशि पर ब्याज जारी रहने से भविष्य की बचत भी बनी रहेगी.

हैप्पी बर्थडे जयपुर — क्लिक करें