राजस्थान में पंचायत चुनाव की मतगणना आज, 37 जिलों में खुलेगा प्रत्याशियों की किस्मत का पिटारा

जयपुर: राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के नतीजों का इंतजार आज खत्म होने जा रहा है. प्रदेश के 37 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना 8 बजे से होगी. सुबह से ही मतगणना केंद्रों पर चुनावी हलचल तेज हो गई है. जैसे-जैसे परिणाम सामने आएंगे, प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होता जाएगा. इन नतीजों पर न केवल चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों, बल्कि प्रदेशभर के राजनीतिक गलियारों की भी नजरें टिकी हुई हैं.

प्रदेश के 37 जिलों में जिला परिषद के 1,275 वार्डों के लिए मतगणना होगी. इन वार्डों में कुल 4,069 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई है. वहीं, 419 पंचायत समितियों के 7,543 वार्डों के परिणाम भी आज घोषित किए जाएंगे. पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में कुल 25,108 प्रत्याशी मैदान में हैं.

इस चुनाव में मतदाताओं की भागीदारी भी बड़े स्तर पर रही. प्रदेश के 37 जिलों में कुल 41,480 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया गया, जिसमें 2 करोड़ 48 लाख 63 हजार 783 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.

आज होने वाली मतगणना के साथ ही ग्रामीण राजस्थान की सियासत की तस्वीर साफ होने लगेगी. जिला परिषद और पंचायत समिति के नतीजे स्थानीय स्तर पर राजनीतिक दलों की स्थिति, जनप्रतिनिधियों के प्रभाव और ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं के रुझान को सामने लाएंगे. 

हैप्पी बर्थडे जयपुर — क्लिक करें