जोधपुर: देश की रक्षा में तैनात राजस्थान के एक और वीर सपूत ने सर्वोच्च बलिदान दिया है. मणिपुर में इटम नदी में सेना का वाहन गिरने से जोधपुर जिले के 29 वर्षीय कैप्टन डॉ. हनुमानराम बैंदा शहीद हो गए. इस दर्दनाक हादसे में महाराष्ट्र के सिपाही माली जयेश हिम्मत ने भी अपनी जान गंवा दी. हादसे की खबर मिलते ही कैप्टन हनुमानराम के गांव और परिवार में शोक की लहर छा गई.
कैप्टन डॉ. हनुमानराम बैंदा 8वीं बिहार रेजिमेंट में मेडिकल ऑफिसर के पद पर तैनात थे. वह महज 29 वर्ष के थे और देशसेवा के साथ अपने परिवार के प्रति भी गहरा लगाव रखते थे. परिवार के लिए यह दुखद खबर किसी बड़े सदमे से कम नहीं है. जिस घर में बेटे के स्वागत और सगाई की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है.
मां से किया था 15 दिन में घर आने का वादा:
कैप्टन हनुमानराम ने अपनी मां से वादा किया था कि वह 15 दिन में घर आएंगे. परिवार को उनके आने का बेसब्री से इंतजार था. घर में उनकी सगाई की तैयारियां भी चल रही थीं. परिजनों को उम्मीद थी कि जल्द ही घर में खुशियों का माहौल होगा, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. घर लौटने का वादा अधूरा रह गया और अब उनका पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर गांव पहुंचा है.
विशेष विमान से फलोदी पहुंची पार्थिव देह:
हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. कैप्टन हनुमानराम बैंदा और सिपाही माली जयेश हिम्मत को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें बचाया नहीं जा सका. दोनों जवानों के पार्थिव शरीर विशेष विमान से कल देर शाम फलोदी एयरफोर्स स्टेशन लाए गए.
सुवाप गांव में आज होगा अंतिम संस्कार:
कैप्टन हनुमानराम बैंदा का अंतिम संस्कार आज सुबह 11 बजे जोधपुर जिले की आऊ तहसील के सुवाप गांव में सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा. अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई देने के लिए गांव और आसपास के क्षेत्र के लोग पहुंचेंगे.