आपकी दीपावली में खुशियों के लिए SMS अस्पताल मुस्तैद, पटाखों से हादसों की आशंका के मद्देनजर प्रशासन अलर्ट

जयपुर : दिवाली पर आतिशबाजी और पटाखों से होने वाले हादसों को देखते हुए एसएमएस अस्पताल प्रशासन ने इस बार पहले ही मोर्चा संभाल लिया है. त्योहार के दौरान पटाखों से झुलसने और आग से घायल होकर आने वाले मरीजों को तत्काल इलाज मिल सके, इसके लिए अस्पताल अधीक्षक ने सभी संबंधित विभागाध्यक्षों को विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं. 

विशेष तौर पर बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी , नेत्र विभाग, न्यूरोसर्जरी और निश्चेतना विभाग सहित संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने यहां से एक-एक सहायक आचार्य अथवा सीनियर रेजिडेंट की ड्यूटी अस्पताल की आपातकालीन सेवाओं में सुनिश्चित करें. संबंधित चिकित्सकों की ड्यूटी राउंड द क्लॉक लगाई जाएगी, ताकि किसी भी समय गंभीर मरीज पहुंचने पर इलाज में देरी नहीं हो. 

अस्पताल में 24 घंटे चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई गई है. SMS मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ.दीपक माहेश्वरी, अस्पताल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी के निर्देशन में टीमें काम करेंगी. हर विभाग से एक-एक सहायक आचार्य या सीनियर रेजिडेंट की इमरजेंसी में ड्यूटी रहेगी. दवाइयों का स्टॉक और ऑपरेशन थिएटर तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं. ट्रोमा व मेडिकल इमरजेंसी में भी कसल्टेंट चिकित्सक तैनात किए गए हैं. इसके अलावा बर्न विभाग के HOD को निर्देश दिए गए हैं. आपात स्थिति के लिए वार्डों में अतिरिक्त बैड रिजर्व रखने के निर्देश दिए गए हैं.