लॉरेंस गैंग के सक्रिय सदस्य गैंगस्टर हरि बॉक्सर को अमेरिका में किया डिटेन, AGTF को मिली बड़ी सफलता

जयपुर : लॉरेंस गैंग के सक्रिय सदस्य गैंगस्टर हरि बॉक्सर को अमेरिका में डिटेन किया गया है. राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) को बड़ी सफलता मिली है. एडीजी दिनेश एमएन के निर्देशन में AGTF की बड़ी कार्रवाई हुई है.

राजस्थान AGTF के लगातार प्रयासों से अमेरिका में हरि बॉक्सर पकड़ा गया है. लॉरेंस गैंग के लिए हरि विदेश में बैठकर भारत में आपराधिक गतिविधियां संचालित कर रहा था. अमेरिका की एजेंसी ICE ने डिटेन किया है, जिसके बाद उसे भारत लाने की कार्रवाई जारी है.

राजस्थान पुलिस ने आरोपी के खिलाफ इंटरपोल के जरिए करीब 5 देशों में 14 बार रेफरेंस भेजे हैं. नवंबर, 2024 में रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया गया था. आरोपी की लोकेशन गयाना, डोमिनिकन रिपब्लिक, मैक्सिको के रास्ते अमेरिका तक ट्रेस की गई. 

हरि बॉक्सर पर राजस्थान के विभिन्न पुलिस थानों में हत्या के प्रयास, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित 22 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं. राजस्थान, हरियाणा और मुंबई में रंगदारी, फायरिंग की वारदातों में वह सक्रिय रहा. गैंग के लिए हथियारों की आपूर्ति करने में भी अहम भूमिका निभाता था. 

एडीजी दिनेश एमएन के निर्देशन में AGTF टीम ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए, विदेशी नेटवर्क की सूचनाएं. ATS के DIG योगेश यादव की निगरानी में ASP सिद्धांत शर्मा सहित टीम ने अहम भूमिका निभाई. हरि बॉक्सर को भारत लाने के लिए राजस्थान पुलिस की अग्रिम कार्रवाई जारी है.