जयपुरः राजस्थान पंचायत आम चुनाव-2026 को लेकर तीसरे चरण का मतदान जारी है. सुबह 7 बजे से मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे है. ऐसे में अगर सरपंच पद के प्रत्याशियों का अंकगणित की बात करें तो कुल 3,716 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 22,232 प्रत्याशी मैदान में है. 50 ग्राम पंचायतों में सरपंच निर्विरोध निर्वाचित हुए है. 3,194 ग्राम पंचायतों में 2 से 9 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है.
463 ग्राम पंचायतों में 10 से 19 प्रत्याशी मैदान में है. 8 ग्राम पंचायतों में 20 से 29 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है. 30 या इससे अधिक प्रत्याशियों वाली एक भी ग्राम पंचायत नहीं है. सरपंच पद के लिए सर्वाधिक प्रत्याशी दौसा जिले में है. दौसा की 221 ग्राम पंचायतों में 1,932 प्रत्याशी मैदान में है. भरतपुर में 1,157 और टोंक में 1,159 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है. सवाई माधोपुर में 1,252 प्रत्याशी, चित्तौड़गढ़ में 1,125 प्रत्याशी है. निर्विरोध सरपंच निर्वाचन में बालोतरा सबसे आगे है. बालोतरा में 24 ग्राम पंचायतों में सरपंच निर्विरोध निर्वाचित हुए है.
झुंझुनूं में 719 प्रत्याशी चुनावी मैदान मेंः
जालोर में 6, बीकानेर में 4 और धौलपुर में 3 सरपंच निर्विरोध, डीग और सलूम्बर में 3-3 और प्रतापगढ़ में 1 सरपंच निर्विरोध, जयपुर जिले की 133 ग्राम पंचायतों में 856 सरपंच प्रत्याशी मैदान में है. जयपुर में एक भी ग्राम पंचायत में सरपंच निर्विरोध निर्वाचित नहीं है. सीकर में 916 और झुंझुनूं में 719 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है.
सरपंच और वार्ड पंच का चुनावः
जयपुर की 133 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच का चुनाव है. सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए 442 मतदान केंद्रों पर वोटिंग होगी. तीसरे चरण में 3 लाख 74 हजार 816 मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. मतदाताओं में 1 लाख 93 हजार 206 पुरुष और 1 लाख 81 हजार 609 महिलाएं शामिल है. एक थर्ड जेंडर मतदाता भी अपने मताधिकार का प्रयोग करेगा. मतदान समाप्त होते ही मतगणना कर चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे.