खाटूश्यामजी (सीकर): खाटूश्यामजी नगरपालिका की कुर्सी पर आखिरकार चेयरपर्सन बैठ गई. 10 वोट हासिल कर कांग्रेस की विनीता पूनिया ने भाजपा की प्रेम देवी को हराया. जीत के बाद विनीता पूनिया अपने निवास पर पहुंचीं. जहां आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों के साथ समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया. निवास से विनीता पूनिया फिर नगरपालिका कार्यालय पहुंची. जहां पूजा-अर्चना के साथ पालिकाध्यक्ष ने पदभार ग्रहण किया. EO सहदेव दान चारण ने पालिकाध्यक्ष को पदभार ग्रहण करवाया.
आपको बता दें कि खाटूश्यामजी नगर पालिका का चुनाव परिणाम जारी किया गया. कांग्रेस की विनीता पूनिया नगर पालिका अध्यक्ष बनी. एक मत से विनीता पूनिया चुनाव जीती है. खाटूश्यामजी नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को डाले गए मतों की मतगणना हुई.
गौरतलब है कि खाटूश्यामजी नगर पालिका के 20 सदस्यीय बोर्ड में भाजपा के 8, कांग्रेस के 8, 3 निर्दलीय और 1 आरएलपी पार्षद हैं. 21 सितंबर को अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में 20 में से 19 पार्षदों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था. वार्ड 10 की कांग्रेस पार्षद लक्ष्मी देवी मतदान के लिए नहीं पहुंची थीं. मतदान के बाद 19 मतों वाली मतपेटी को सील कर सुरक्षित रख दिया गया था.