प्रतीकात्मक फोटो
जयपुर: राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव 2026 के चौथे और अंतिम चरण के तहत आज मतदान हो रहा है. प्रदेश के 25 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया जारी है. मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं का पहुंचना शुरू हो गया है. कई जगहों पर मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की कतारें देखने को मिल रही हैं. शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे तक चलेगी. इसके बाद 16 नवंबर को पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान होगा और उसी रात चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे. वहीं, जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को होगी.
प्रतापगढ़ में चार पंचायत समितियों में मतदान जारी
प्रतापगढ़ जिले की अरनोद, प्रतापगढ़, पीपलखूंट और सुहागपुरा पंचायत समितियों में सुबह से मतदान जारी है. जिले में 12 जिला परिषद और 64 पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए 288 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. इन केंद्रों पर 2 लाख 58 हजार 427 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की कतारें देखने को मिल रही हैं. प्रत्येक मतदाता जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के चुनाव के लिए दो वोट डाल रहा है.
ब्यावर में 360 बूथों पर मतदान, प्रशासन मुस्तैद
ब्यावर जिले की मसूदा, बदनोर और रायपुर पंचायत समितियों में मॉक पोल के बाद सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ. जिले में 360 मतदान केंद्रों पर 3 लाख 28 हजार 76 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. सुबह हल्की ठंड के चलते मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या कम नजर आई. निष्पक्ष और निर्भीक मतदान के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना चुनाव प्रक्रिया की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. वहीं, एसपी रतन सिंह राठौड़ के निर्देशन में मतदान केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया है.
खैरथल में 86 पदों के लिए हो रहा मतदान
खैरथल-तिजारा जिले की कोटकासिम, टपूकड़ा, मुंडावर और ततारपुर पंचायत समितियों में मतदान जारी है. चारों पंचायत समितियों में 70 पंचायत समिति सदस्य और 16 जिला परिषद सदस्य पदों के लिए चुनाव हो रहा है. जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश और एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय चुनाव प्रक्रिया की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं. शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है.
पोकरण में EVM खराब, मतदान प्रक्रिया प्रभावित
पोकरण में पंचायतीराज चुनाव के दौरान ईवीएम में खराबी आने से मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई है. ब्लॉक नंबर 8 के लवां गांव स्थित बूथ संख्या 32 की दोनों ईवीएम मशीनों में खराबी आ गई. इसके चलते लवां गांव के वार्ड संख्या 1, 2 और 3 के मतदाताओं का मतदान शुरू नहीं हो सका. मतदान दल मशीनों को ठीक करने के प्रयास में जुटा है. वहीं, मतदान केंद्र पर पहुंचे मतदाता वोटिंग शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं.
रूपवास में 150 मतदान केंद्रों पर वोटिंग
भरतपुर जिले के रूपवास उपखंड में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान जारी है. सुबह से धीरे-धीरे मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं. रूपवास उपखंड में कुल 150 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1 लाख 26 हजार 21 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई है.
सलूंबर में 25 अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी
सलूंबर जिले में पंचायतीराज चुनाव के चौथे और अंतिम चरण को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है. जिले में जिला परिषद के 9 वार्डों और जयसमंद, सराड़ा व झल्लारा पंचायत समितियों में मतदान हो रहा है. जिले में 2.14 लाख से अधिक मतदाता गांवों की सरकार चुनने के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. चुनाव संपन्न कराने के लिए 1,818 मतदान कार्मिक और 1,381 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं. इसके अलावा 25 अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. जिले में 27 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 8 एरिया मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं. एडीएम दिनेश राय सापेला ने देर रात जिलेभर का दौरा कर चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया. जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद पीपी और एसपी विशनाराम विश्नोई मतदान प्रक्रिया की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं.
16 नवंबर को पंच-सरपंच के चुनाव, 20 नवंबर को मतगणना
चौथे चरण में आज जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान हो रहा है. इसके बाद 16 नवंबर को ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए वोट डाले जाएंगे. पंच-सरपंच के चुनाव परिणाम मतदान के दिन ही घोषित किए जाएंगे. वहीं, 20 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना के साथ चुनावी तस्वीर साफ होगी.