VIDEO: कांवड़ यात्रा को लेकर राजस्थान पुलिस अलर्ट, सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस प्लान, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: हरिद्वार कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर राजस्थान पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. हरिद्वार से गंगाजल लेकर राजस्थान लौटने वाले हजारों कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय ने विस्तृत एडवाइजरी जारी की है. महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (कानून एवं व्यवस्था) वी.के. सिंह ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस उपायुक्तों को समन्वित और प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.

एडीजी वीके सिंह ने बताया कि 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक हरिद्वार से गंगाजल लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने-अपने राज्यों की ओर रवाना होंगे. इसे देखते हुए राजस्थान पुलिस ने श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं. यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान आधार कार्ड, वोटर आईडी अथवा अन्य वैध पहचान पत्र अपने साथ रखें तथा केवल निर्धारित पारंपरिक कांवड़ मार्गों एवं अधिकृत वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि, लावारिस वस्तु या आपात स्थिति की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या हेल्पलाइन पर देने को कहा गया है. साथ ही सुरक्षा जांच और पुलिस की चेकिंग में सहयोग करने तथा स्थानीय नागरिकों व व्यापारियों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने की अपील की गई है.

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान हॉकी, डंडे, त्रिशूल, बेसबॉल बैट या किसी भी प्रकार के हथियार एवं नुकीली वस्तु साथ ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. शराब और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन भी सख्त वर्जित होगा. विशेष रूप से नवनिर्मित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर कांवड़ियों के पैदल अथवा वाहनों से आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. इसके अलावा मालवाहक वाहनों में यात्रियों को ले जाने, निर्धारित सीमा से अधिक तेज आवाज वाले डीजे बजाने, धार्मिक उन्माद फैलाने वाले गीत-नारे चलाने, वाहनों में एलपीजी सिलेंडर ले जाने तथा बस, ट्रक या रेलगाड़ियों की छत पर बैठकर यात्रा करने पर भी रोक रहेगी. राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात बाधित करने वाली अत्यधिक बड़े आकार की कांवड़ और झांकियों की भी अनुमति नहीं होगी.

मैदानी स्तर पर पुलिस अधिकारियों के लिए भी विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है. वाहन टकराने, पार्किंग विवाद या अन्य छोटे विवादों की सूचना मिलने पर निकटतम पुलिस टीम को अधिकतम 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं. सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी और किसी भी फर्जी या भ्रामक वीडियो अथवा अफवाह का जिला पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से एक घंटे के भीतर खंडन किया जाएगा.यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए किसी भी रूट डायवर्जन की सूचना 48 घंटे पहले सार्वजनिक की जाएगी तथा एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाओं के लिए अलग कॉरिडोर सुरक्षित रखा जाएगा. 

बिना अनुमति अथवा मानकों का उल्लंघन करने वाले डीजे सिस्टम तत्काल जब्त किए जाएंगे. संवेदनशील क्षेत्रों में कांवड़ यात्रा के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, छतों से निगरानी, वीडियोग्राफी, सीएलजी एवं शांति समिति की बैठकें तथा सेवा शिविरों का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जाएगा. महिला कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती भी रहेगी.राजस्थान पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, अफवाहों से बचें और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें, ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके.