जयपुर : आज रक्षाबंधन है. रक्षाबंधन भद्रा के व्यवधान से पूरी तरह मुक्त रहेगा. आज सूर्योदय से पूर्व ही भद्रा समाप्त हो जाएगी. जिससे पूरा दिन रक्षा-सूत्र बांधने के लिए अत्यंत शुभ है.
सुबह 7.26 बजे के बाद सुकर्मा योग तथा बव और बालव करण का भी शुभ संयोग है. आज आंशिक चंद्रग्रहण का भी भारत पर कोई असर नहीं है. पिछले कई वर्षों में भद्रा के कारण 2 दिन राखी बांधी गई.
रक्षाबंधन पर्व पर जयपुर में आस्था का सैलाब:
रक्षाबंधन पर्व पर जयपुर में आस्था का सैलाब है. जयपुर के आराध्य गोविंद देवजी मंदिर में पर्व मनाया जा रहा है. रक्षाबंधन पर गोविंद देवजी का विशेष श्रृंगार किया गया है.अलसुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है. गोविंद देवजी को रक्षासूत्र और राखी श्रद्धालु अर्पित कर रहे हैं. आज बहनें-भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधेंगी, रक्षाबंधन मनाएंगी.
भाई जीवन भर बहनों की रक्षा करने का दे रहे पावन वचन:
राम, कृष्ण, स्वास्तिक, रुद्राक्ष और सोने-चांदी की राखियां इन दिनों आकर्षण का केंद्र बनीं है. बहनें तिलक लगाकर भाइयों का कर रही मुंह मीठा, भाइयों द्वारा शानदार उपहार दिए जा रहे हैं. भाई भी जीवन भर बहनों की रक्षा करने का पावन वचन दे रहे हैं.
घर-घर में भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह की खुशियां देखने को मिल रही हैं. पूरे परिवार के साथ मिलकर शहरवासियों द्वारा भाई-बहन का यह पावन पर्व मनाया जा रहा है. सूर्यनगरी की गलियों और बाजारों में त्योहार को लेकर भारी उत्साह नजर आ रहा है.