जयपुरः निकाय चुनाव के बाद अब पंचायतराज चुनाव की तैयारियां तेज हो गई है. करीब 14 हजार 403 ग्राम पंचायतों, 457 पंचायत समितियों और
41 जिला परिषद के एक साथ चुनाव होंगे. एक साथ करीब 1 लाख 50 हजार से अधिक जन प्रतिनिधियों के चुनाव होंगे. राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने कहा कि आरक्षण को लेकर लॉटरी की प्रक्रिया पूरी होने जा रही है.
लॉटरी के बाद साफ हो जाएगा कि कौन सा वार्ड किस वर्ग के लिए आरक्षित हुआ. आरक्षण की पूरी सूचना राज्य निर्वाचन आयोग को मिलने के बाद चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा. जिला स्तर पर तैयारियों को लेकर कलेक्टरों से भी राज्य निर्वाचन आयुक्त बात करेंगे. तैयारियां पूरी होते ही पंचायतराज चुनाव की घोषणा और संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू करने की तैयारी है.
नगर निकाय चुनाव की तुलना में काफी व्यापक स्तर का चुनाव होगा. निकाय चुनाव की तरह ही पंचायतराज चुनाव भी शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने का प्रयास है. निकाय चुनाव में टीम ने जिस मेहनत, लगन और निष्ठा से काम किया. उसी तरह पंचायतराज चुनाव भी सफलतापूर्वक कराएंगे.