प्रतीकात्मक फोटो
जयपुर: राजस्थान में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार की ओर से बड़ी पहल की गई है. खेलो राजस्थान कार्यक्रम में अब हॉकी सहित 17 खेलों को शामिल करने का फैसला लिया गया है. हॉकी सहित विभिन्न खेल संघों की मांग पर राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद ने यह निर्णय लिया है. इसके तहत ग्राम पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा.
राजस्थान हॉकी संघ के अध्यक्ष महिपाल सिंह निम्बाड़ा ने खेलो राजस्थान कार्यक्रम में हॉकी को शामिल करने की मांग उठाई थी. इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और खेल मंत्री को पत्र भी लिखा था. अब राज्य क्रीड़ा परिषद ने सभी 17 खेल संघों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं.
खिलाड़ियों का होगा ऑनलाइन पंजीकरण:
राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के सचिव राजकेश मीना ने सभी संबंधित खेल संघों को अधिकाधिक खिलाड़ियों का खेलो राजस्थान पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही जिला खेल संघों, खेल क्लबों और प्रशिक्षकों के माध्यम से कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा. सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए भी अधिक से अधिक युवाओं को इस अभियान से जोड़ने की कवायद की जाएगी.
ग्राम पंचायत से राज्य स्तर तक होंगी प्रतियोगिताएं
खेलो राजस्थान कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत, नगर निकाय, ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा. इसमें एथलेटिक्स, कबड्डी, फुटबॉल, हॉकी और कुश्ती सहित 17 खेलों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा. इस पहल से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलेगा. साथ ही प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.