पुणे को ₹21,800 करोड़ से अधिक की मेट्रो परियोजनाओं की सौगात, PM मोदी बोले-  मेट्रो शुरू होने से एक बड़े IT हब को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लगभग 21,800 करोड़ रुपए की पुणे मेट्रो लाइन-3 का उद्घाटन किया और महा-मेट्रो फेज 2 का भूमिपूजन किया. पीएम मोदी ने कहा कि त्योहारों की खुशियां तब और बढ़ जाती हैं जब जीवन में कोई नई सुविधा जुड़ती है. आज पुणे के लोगों के लिए ऐसा ही एक सुखद अवसर है. मुझे खुशी है कि आज पुणे मेट्रो की एक और लाइन का लोकार्पण हो रहा है.

10 साल पहले मुझे पुणे में पहले चरण के काम के शिलान्यास का अवसर मिला था.ये मेट्रो शुरू होने से पुणे के एक बड़े IT हब को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगभग 21,800 करोड़ रुपए की पुणे मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में शामिल हुए.

पीएम मोदी ने कहा कि पुणे मेट्रो का लोकार्पण और विस्तार यह दिखाता है कि विकसित भारत के लिए हम कैसे शहरों का निर्माण कर रहे हैं. पहले किसी भी शहर की पहचान उसके उद्योगों से होती थी या फिर वहां के किसी प्रसिद्ध खान-पान या फिर फल-फसल से होती थी, लेकिन आज शहरों की पहचान के साथ दो और कसौटियां जुड़ गई हैं. एक कोई शहर कितना प्रतिस्पर्धी हैं और दूसरा कि वहां इज ऑफ लिविंग का क्या स्तर है. मेट्रो प्रोजेक्ट इन दोनों कसौटियों में किसी भी शहर को और बेहतर बनाता है.

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुझे इस बात की खुशी है कि यह मेट्रो एक ग्रीन मेट्रो के रूप में 30 प्रतिशत एनर्जी खुद तैयार करने वाली है. ये मेट्रो एक तरह से अलग-अलग नए रिकॉर्ड भी तैयार कर रही है. आज हमने कुछ भूमिपूजन भी रखा हुआ है जिसमें पुणे मेट्रो का फेज-2 का भी भूमिपूजन आज प्रधानमंत्री के हाथों से हो रहा है.