Panchayat Election 2026: तृतीय चरण का मतदान जारी... EVM खराब होने से करीब डेढ़ घंटे रुकी वोटिंग, कई जगह आई तकनीकी खराबी

जयपुरः प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण का मतदान सुबह 7 बजे से जारी है. इसी बीच कई जगहों से EVM में तकनीकी खराबी की खबरें सामने आई है. दौसा में पंचायत चुनाव के दौरान 18 मतदान केन्द्रों पर EVM में खराबी आई. जिसके बाद प्रशासन ने त्वरित समाधान किया. रामगढ़ पचवारा में 3,सिकराय में 2,शिवसिंहपुरा में 2,
लालसोट में 5 जगहों पर EVM में तकनीकी खराबी  आई. लवाण में 3 जगहों पर EVM में खराबी आई. यही कारण है कि दौसा में 3 जगह देरी से मतदान शुरू हुआ. फिलहाल सभी जगहों पर मतदान प्रक्रिया जारी है. 

सवाई माधोपुर में बूथ संख्या 102 माणोली में ईवीएम मशीन में खराबी आई. पंचायत समिति व जिला परिषद दोनों मशीनों में खराबी आई. करीब 20 मिनट तक बूथ संख्या 102 पर मतदान बाधित रहा. हालांकि मशीन सही करने के बाद मतदान फिर शुरू हुआ. 

करीब डेढ़ घंटे वोटिंग रुकीः
सूरतगढ़ पंचायत समिति के लिए 112 बूथों पर मतदान जारी है. राजियासर पंचायत समिति के लिए 79 बूथों पर वोटिंग जारी है. कई स्थानों पर EVM खराब होने की सूचना आ रही है. सिलवानी में EVM खराब होने से करीब डेढ़ घंटे वोटिंग रुकी. ऐसे में प्रशासन ने दूसरी EVM मंगवाकर मतदान शुरू करवाया. 28 PNB में भी EVM खराबी के चलते 22 मिनट तक वोटिंग शुरू नहीं हुई. 

EVM खराब होने से मतदान प्रक्रिया प्रभावितः
खैरथल-तिजारा जिले में मतदान के दौरान EVM में खराब आई. तीसरे चरण के मतदान की शुरुआत में ही तकनीकी खराबी आई. सुबह करीब 8:15 बजे मशीन ने काम करना बंद किया. तिजारा की ग्राम पंचायत हिंगवाड़ा के मतदान केंद्र संख्या 81 का ये  मामला है. EVM खराब होने से मतदान प्रक्रिया प्रभावित होने की सूचना है.           

9094 प्रत्याशी चुनावी मैदान मेंः
बता दें कि आज 27 जिला परिषदों के 377 वार्डों में प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा. 116 पंचायत समितियों के 2119 वार्डों में मतदान होगा. तीसरे चरण में 1 करोड़ 6 लाख 81 हजार 567 मतदाता वोट डालेंगे. जिला परिषद और पंचायत समिति के कुल 9094 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है. मतदान के लिए प्रदेशभर में 11 हजार 869 पोलिंग स्टेशन बनाए गए है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में सबसे ज्यादा उम्मीदवार मैदान में है. दौसा और हनुमानगढ़ में जिला परिषद के सबसे ज्यादा 24-24 वार्डों में चुनाव है.