नई दिल्लीः सिद्धारमैया ने चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि 2028 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ूंगा. राजनीति में सक्रिय रहूंगा और जनता के मुद्दे उठाते रहूंगा. मंड्या जिले के के.आर. पेट में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि राजनीति अब पूरी तरह भ्रष्ट हो चुकी है. और ईमानदार राजनीति के लिए जगह नहीं बची है. अब मेरी सेहत भी पहले जैसी मजबूत नहीं रही है. अब पहले जैसे उत्साह के साथ काम करना संभव नहीं है. CM पद छोड़ने के 2 महीने बाद सिद्धारमैया का यह बयान आया है.
उन्होंने कहा कि अब मैं 79 साल का हो गया हूं. हमारी सरकार का कार्यकाल डेढ़ साल और बचा है. तब मैं 81-82 साल का हो जाऊंगा. मेरी सेहत वैसी नहीं रहेगी जैसी अभी है. मैं पहले जितने जोश के साथ काम नहीं कर पाऊंगा. 2028 तक मैं 82 साल का हो जाऊंगा. तब मेरे राजनीतिक करियर के 50 साल पूरे हो जाएंगे. मैंने 1978 में तालुक बोर्ड के सदस्य के तौर पर अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था. मैंने हार और जीत, सब कुछ देखा है.
आज राजनीति काफी दूषित हो गईः
लेकिन मुझे इस बात का संतोष है कि मैंने अपनी विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया और न ही अपनी अंतरात्मा के खिलाफ कोई काम किया. अगर हम चुनाव लड़ते हैं, तो अब ऐसा समय आ गया है जब हमें लोगों को पैसे देने पड़ते हैं. आज राजनीति काफी दूषित हो गई है. ईमानदार राजनीति करना मुश्किल हो गया है. इसी को देखते हुए मैंने फैसला किया है कि मैं अगला चुनाव नहीं लड़ूंगा.