त्योहारी सीजन से पहले नकली घी के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, श्रीगंगानगर और सूरतगढ़ में 17 हजार लीटर से अधिक घी जब्त

श्रीगंगानगर: त्योहारी सीजन से पहले आमजन की सेहत के साथ खिलवाड़ कर नकली घी बेचने के कारोबार के खिलाफ श्रीगंगानगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. 'शुद्ध आहार-मिलावट पर वार' अभियान के तहत श्रीगंगानगर पुलिस ने जयपुर सीआईडी और डीएसटी टीम के सहयोग से जिले में करीब आधा दर्जन स्थानों पर छापेमारी की है. इन कार्रवाइयों में श्रीगंगानगर शहर और सूरतगढ़ से कुल 17,868 लीटर संदिग्ध घी जब्त किया गया है.

एसपी हरिशंकर ने बताया कि संयुक्त टीमों ने अलग-अलग ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए नकली घी के कारोबार का खुलासा किया है. श्रीगंगानगर शहर में अनन्या ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम से 16,348 लीटर घी जब्त किया गया, जिसकी बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 23 लाख रुपये आंकी गई है. मौके से 3.50 लाख रुपये नकद और एक मारुति वैन भी बरामद की गई है. इस मामले में तीन आरोपियों राम तायल, मुकेश कुमार और विकास कुमार को गिरफ्तार कर गोदाम सील किया गया है.

वहीं, सूरतगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने वार्ड-39 स्थित पारस होलसेल भंडार के गोदाम पर कार्रवाई करते हुए 1520 लीटर घी जब्त किया. गोदाम से बंसरी, गौकेश, वास्तु, बांसली और मायरा सहित विभिन्न ब्रांड के घी के पैकेट मिले हैं. इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणजीत खुड़िया और एएसआई छोटूराम सहित पुलिस एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे.     

एसपी हरिशंकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पाम ऑयल के नाम पर देसी घी बताकर उत्पाद बाजार में बेचे जा रहे थे. पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं. यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस घी की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं. एसपी ने बताया कि जिले में अन्य स्थानों पर भी कार्रवाई जारी है.