श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर धमाका, ट्रेन उड़ाने की साजिश की जताई जा रही आशंका

श्रीगंगानगर : श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर धमाका हुआ है. ट्रेन उड़ाने की साजिश की आशंका जताई जा रही है. अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर 50 जीबी गांव के पास जोरदार ब्लास्ट हुआ. पैसेंजर ट्रेन गुजरने के करीब 45 मिनट बाद रात 9:45 बजे धमाका हुआ. 

धमाके से रेलवे ट्रैक के नीचे लगे सीमेंट के दो स्लीपर पूरी तरह टूट गए. पटरी के बीच करीब 2 फीट गहरा गड्ढा हुआ, लॉक भी टूट गए हैं. धमाके की आवाज करीब 200 मीटर दूर तक सुनाई देने की जानकारी है. IB, CID और ATS की टीमें मौके मौजूद पहुंचीं. ATS के एडिशनल SP सुरेंद्र कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. 

FSL टीम ने सैंपल लेकर जांच शुरू की. श्रीगंगानगर SP हरिशंकर बोले कि धमाके की तीव्रता और साजिश के पहलुओं की जांच जारी है. सुरक्षा कारणों से आज सुबह 9 बजे तक इस रूट की ट्रेनें रद्द की गई हैं. धमाके के पीछे किसका हाथ इसकी जांच पड़ताल में एजेंसियां जुटीं हैं.