VIDEO: शहर सेवा शिविर की शुरुआत, CM भजनलाल शर्मा ने किया शिविर का निरीक्षण, एक ही जगह पर सभी सरकारी सेवाएं, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: जयपुर में आमजन को राहत देने के लिए सरकार का बड़ा अभियान शुरू हो चुका है, शहर सेवा शिविरों के जरिए अब लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे. सांगानेर जोन के अंबेडकर भवन से इसकी शुरुआत हुई, जहां खुद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया, और आमजन से सीधा संवाद भी किया.

सांगानेर जोन के अंबेडकर भवन सामुदायिक केंद्र में आज शहर सेवा शिविर का आयोजन किया गया, शिविर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और विभिन्न सेवाओं का लाभ लिया, यह शिविर आज से शुरू होकर 15 जुलाई तक अलग-अलग जोनों में आयोजित किए जाएंगे, शिविर की खास बात रही कि इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा खुद पहुंचे, मुख्य सचिव वी श्रीनिवास, सचिव रवि जैन, कलेक्टर संदेश नायक और आयुक्त ओम कसेरा भी मौजूद रहे, मुख्यमंत्री करीब 25 मिनट तक शिविर में रहे और हर स्टॉल का जायजा लिया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने पट्टे और पीएम स्वनिधि योजना के तहत चेक वितरित किए, साथ ही शिविर में आए लोगों से सीधे संवाद कर योजनाओं की जानकारी ली.

मुख्यमंत्री से पहले मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने शिविर का निरीक्षण किया, उन्होंने सीवरेज समस्या के लिए बनाए गए रजिस्टर की जांच की, रजिस्टर में दर्ज शिकायतों पर खुद फोन कर समाधान की स्थिति जानी, जिसमें शिकायतकर्ताओं ने समाधान की पुष्टि की, मुख्य सचिव ने कहा कि शिविर का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को राहत देना है, वहीं सचिव रवि जैन ने बताया कि जन्म, मृत्यु, विवाह प्रमाण पत्र और पट्टा जैसी सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध कराई जा रही हैं, नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने कहा कि अलग-अलग जोनों में शिविर लगाकर जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा.

सरकार का दावा है कि शहर सेवा शिविरों से आमजन को बड़ी राहत मिलेगी, लेकिन असली परीक्षा अब इन शिविरों की जमीनी असर से तय होगी, कि क्या वाकई लोगों को तत्काल समाधान मिलता है,या यह सिर्फ अभियान बनकर रह जाता है.