धनतेरस पर बाजारों में धनवर्षा; खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़, आभूषणों की दुकानों पर ग्राहकों की चहल-पहल

जयपुर : धनतेरस पर बाजारों में धनवर्षा हो रही है. बाजारों में त्योहारी रौनक है. खरीदारी के लिए बाजारों में भीड़ उमड़ी हुई है. सोना-चांदी,आभूषणों की दुकानों पर ग्राहकों की चहल-पहल है. बर्तन बाजार में भी लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं. इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल शोरूम में भी ग्राहक उमड़े है.

शुभ मुहूर्त में खरीदारी को लेकर लोगों में खास उत्साह है. दुकानदारों को दीपावली पर अच्छे कारोबार की उम्मीद है. बाजारों में सजावट और रोशनी ने त्योहार की चमक बढ़ाई है. मिट्टी के दीपक और पूजन सामग्री की भी मांग बढ़ी है. धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि और कुबेर की पूजा-अर्चना हो रही है. दीपावली के पांच दिवसीय उत्सव का धनतेरस से शुभारंभ हो गया है.

दिवाली खरीदारी का महाकुंभ:
दिवाली खरीदारी का महाकुंभ है. जयपुर में आज 5 हजार से 10 हजार करोड़ तक के रिकॉर्ड कारोबार का अनुमान है. महंगे सोने के बावजूद सराफा बाजार में 20 से 30 फीसदी तक की तेजी है.

कपड़ा, मिठाई, ड्राई फ्रूट्स और सजावटी सामान के बाजारों में जबरदस्त रौनक है. दिवाली ऑफर्स के चलते गाड़ियों, होम अप्लायंसेज की बिक्री में 20 फीसदी उछाल है. मिट्टी के दीये, हस्तशिल्प और स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी पर ग्राहकों का खास जोर है.