सीएम भजनलाल शर्मा बोले- आने वाले समय में हम किसान को दिन में पूरी बिजली देंगे, कांग्रेस हमेशा से झूठ बोलती आई

जयपुरः निकाय चुनाव में भाजपा की जीत पर जश्न मनाया जा रहा है ऐसे में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह जीत पीएम मोदी के विजन की जीत है. आज पूरे राजस्थान में खुशी का माहौल है. ये जीत उन सभी कार्यकर्ताओं की है. जिन्होंने दिन-रात मेहनत करते हुए सरकार की.  योजनाओं व संगठन कार्य को जन-जन तक पहुंचाया. ऐसे मेरे देवतुल्य राजस्थान के कार्यकर्ताओं को ये जीत को मैं उनको समर्पित करता हूं. मित्रों, ये जीत देश के सच्चे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व व विजन को मिली है. चाहे हमारा यमुना का समझौता हो, चाहे दशकों से अटका हुआ हमारा नर्मदा का समझौता हो. 

ERCP का समझौता हमारा मध्य प्रदेश से हुआ. कालीसिंध, पार्वती, चंबल का, यमुना का समझौता हमारा हरियाणा से हुआ. आने वाले समय में हम किसान को दिन में पूरी बिजली देंगे. 7 लाख हेक्टेयर जमीन को सिंचाई का पानी राजस्थान के अंदर मिलेगा. लगातार हमारी सरकार जनता के लिए काम कर रही है. आज मैं राजस्थान की जनता का आभार व्यक्त करता हूं कि जो संकल्प पत्र लेकर हम ढाई साल पहले आए थे, हम उस संकल्प पत्र को भी पूरा कर रहे हैं. आपने निकाय चुनाव में जिस तरह से हम पर भरोसा किया है. आपने प्रचंड बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी को निगमों पर विजय दिलाई है. आज सात निगमों के चुनाव के परिणाम आए हैं. 

7 निगमों में से 6 निगम आपने भारतीय जनता पार्टी की झोली में डाल दिए. 46 नगर परिषदों में से 31 नगर परिषदें आपने हमें जिताई हैं. और 255 नगर पालिकाओं में से 162 नगर पालिकाएं आपने भाजपा को जिताई हैं. अभी जो बाकी हैं, उनमें भी बीजेपी आने वाली है. मैं हर निकाय के मतदाता और राजस्थान की जनता का चरण वंदन करता हूं. उनका अभिनंदन करता हूं और उनको एक ही विश्वास दिलाना चाहता हूं कि यह सरकार आपके हित की है, आपके विश्वास की है. हम आपको विश्वास दिलाना चाहते हैं कि आपने हमारी सरकार पर विश्वास किया है. देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी पर विश्वास किया है. हम आपके एक-एक वादे को पूरा करेंगे, यह हम आपको विश्वास दिला रहे हैं. ये कांग्रेस के लोग कभी जाति की बात करते हैं, कभी धर्म की बात करते हैं. ये कोई राजनीति नहीं करते, ये समीकरण बैठाते हैं कि कौन-सी जाति का टिकट किसे दिया जाए. हम किसको टिकट दें, जिससे हमारी पार पड़ जाए. कौन-से धर्म के लोगों को हम टिकट दें, जिससे हमारी पार पड़ जाए. ये सिर्फ समीकरण बनाते हैं,कभी जनता के सुख-दुख में इनकी भागीदारी नहीं होती. हमने कहा था कि राजस्थान में पंचायत चुनाव कराकर के लाएंगे. आपके सामने हो रहा है,निकाय के चुनाव हो गए, पंचायत के चुनाव आने वाले हैं.     

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि सीएम भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व को जीत का श्रेय जाता है. संगठन और सत्ता में बेहतर समन्वय से हमें सफलता मिली. भाजपा का बूथ स्तर तक संगठन मजबूत है. निकाय चुनाव के बाद पंचायत चुनाव में भी हम बड़ी जीत दर्ज करेंगे. पंचायत समिति और जिला परिषद में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलेगा.