नई दिल्ली: दिल्ली के करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट में शुक्रवार सुबह एक मोबाइल एक्सेसरीज की दुकान में आग लग गई. आग तेजी से फैलकर चार मंजिला इमारत तक पहुंच गई. आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 22 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
हादसे में किसी के घायल होने या जान जाने की खबर नहीं है, लेकिन दुकानों में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आग रात करीब 1:28 बजे पुरी प्लाजा की ग्राउंड फ्लोर स्थित दुकान नंबर 13/21 में लगी थी. यहां मोबाइल बैटरियां रखी हुई थीं. शुरुआती जांच में बैटरियों के गर्म होने या ओवरचार्जिंग से आग लगने की आशंका जताई जा रही है.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है. केवल संपत्ति का नुकसान हुआ है. शुरुआती जांच के मुताबिक, आग लगने का संभावित कारण बैटरी का ओवरहीट होना या ओवरचार्ज होना हो सकता है.
आग लगने के सही कारण का पता लगाने के लिए फायर डिपार्टमेंट और इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर से रिपोर्ट ली जाएगी. इसके अलावा, FSL की टीम भी इमारत की जांच करेगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि वहां कोई अन्य ज्वलनशील पदार्थ तो नहीं था.