प्रतीकात्मक फोटो
जैसलमेर: राजस्थान में पंचायत चुनाव के बीच जैसलमेर जिले से तीन दिलचस्प तस्वीरें सामने आई हैं. जहां एक ओर भोजराजपुरा ग्राम पंचायत में सरपंच सहित सातों वार्ड पंच पदों के लिए एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ, वहीं दूसरी ओर उण्डा और बैरसियाला ग्राम पंचायत में ग्रामीणों ने आपसी सहमति से गांव की सरकार चुन ली है.
भोजराजपुरा में सरपंच सहित सभी पदों पर शून्य नामांकन:
रामगढ़ पंचायत समिति के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत भोजराजपुरा में पंचायत चुनाव को लेकर चौंकाने वाली स्थिति सामने आई है. यहां सरपंच पद के साथ ही सातों वार्ड पंच पदों के लिए किसी भी अभ्यर्थी ने नामांकन दाखिल नहीं किया. नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 15 नवंबर निर्धारित थी. सुबह 8 बजे से 11 बजे तक नामांकन का समय तय किया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा समाप्त होने तक कोई भी प्रत्याशी नहीं पहुंचा.
भोजराजपुरा ग्राम पंचायत में सरपंच पद ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित है. निर्वाचन अधिकारी ने लिखित आदेश जारी कर शून्य नामांकन की जानकारी दी है. ऐसे में ग्राम पंचायत में सरपंच और वार्ड पंच पदों की आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है. बताया जा रहा है कि सरपंच पद OBC वर्ग के लिए आरक्षित था, जबकि गांव में कोई OBC मतदाता नहीं है और सभी वोटर जनरल वर्ग के हैं. ग्रामीणों ने इसकी लंबे समय से मांग की थी और पंचायत समिति व जिला परिषद चुनाव में भी मतदान का बहिष्कार किया था.अब दोबारा चुनाव होने तक यह पंचायत बिना सरपंच के ही संचालित होगी.
उण्डा में हरकंवर निर्विरोध सरपंच निर्वाचित:
फतेहगढ़ क्षेत्र की उण्डा ग्राम पंचायत में हरकंवर पत्नी गजेसिंह निर्विरोध सरपंच निर्वाचित हुई हैं. जीवनलाल सैन के समर्थन के बाद सरपंच पद पर आपसी सहमति बनी, जिसके बाद हरकंवर के निर्विरोध निर्वाचन की आधिकारिक पुष्टि की गई.निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा के बाद गांव में खुशी का माहौल देखने को मिला. ग्रामीणों ने डीजे की धुनों पर रैली निकालकर जश्न मनाया और एक-दूसरे को बधाई दी. उण्डा के ग्रामीणों ने आपसी सहमति से गांव की सरकार चुनकर एकजुटता का संदेश दिया है.
बैरसियाला में छठी बार निर्विरोध निर्वाचन, पूरा पैनल चुना गया:
जैसलमेर की बैरसियाला ग्राम पंचायत में भी ग्रामीणों ने आपसी सहमति की मिसाल पेश की है. यहां राज कंवर पत्नी ईश्वर सिंह निर्विरोध सरपंच निर्वाचित हुई हैं. ग्राम पंचायत के तीनों गांवों के ग्रामीणों ने एकजुट होकर राज कंवर को समर्थन दिया. इसके साथ ही सभी वार्ड पंच भी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं.
खास बात यह है कि बैरसियाला ग्राम पंचायत में 20 साल बाद एक बार फिर निर्विरोध निर्वाचन की परंपरा देखने को मिली है. ग्राम पंचायत के इतिहास में अब तक छह बार निर्विरोध सरपंच चुने जा चुके हैं. इससे पहले डूंगर सिंह तीन बार, चंदन सिंह और खीम सिंह काठा निर्विरोध सरपंच रह चुके हैं. अब इस सूची में राज कंवर का नाम भी जुड़ गया है. निर्विरोध निर्वाचन के बाद ग्रामीणों ने ईश्वर सिंह का माल्यार्पण कर स्वागत किया और बधाई दी. गांव में खुशी और उत्साह का माहौल है, वहीं सोशल मीडिया पर भी बधाइयों का तांता लगा हुआ है.