जयपुर: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर देशभर में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है. इसी कड़ी में CMR में जनजातीय गौरव दिवस का राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संबोधित किया.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भारत माता की जय और भगवान बिरसा मुंडा के जयकारों के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की. इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सभी माननीयों और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी का वंदन और अभिनंदन किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी इच्छा थी कि जनजातीय गौरव दिवस का यह कार्यक्रम उनके निवास पर आयोजित हो. उन्होंने कहा, "मेरे सामने आज वह समाज है, जिसके पूर्वजों ने बहुत संघर्ष किया है." मुख्यमंत्री ने विदेशी आक्रांताओं का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने देश को लूटने और हमारी संस्कृति को खत्म करने का प्रयास किया.
सीएम भजनलाल शर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता. उन्होंने धरती माता और देश की आन-बान-शान के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए. उनके संघर्ष और समर्पण ने देश के इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है. यह दिवस जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संघर्ष, संस्कृति और देश के प्रति उनके योगदान को याद करने का अवसर है.