CS वी. श्रीनिवास एक्शन मोड में, SC-ST कल्याण योजनाओं से लेकर राजस्थान संपर्क 181 तक की समीक्षा; वीडियो कॉल पर सुनीं फरियादियों की समस्याएं

जयपुर: अपने दक्षिण कोरिया दौरे से पहले  मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को तमाम जरूरी कार्यों और  प्रमुख विभागीय बैठक करके अधिकारियों को मॉनिटरिंग के निर्देश दिए. उन्होंने अनुसूचित जाति व  अनुसूचित जनजाति कल्याण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने के साथ राजस्थान संपर्क 181 केंद्र का निरीक्षण किया और स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और लंबित कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए.

यह हुआ बैठक में:
 अनुसूचित जातियों तथा अनुसूचित जनजातियों के कल्याण संबंधी संसदीय समिति की सभापति डॉ. फग्गन सिंह कुलस्ते की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्य सचिव ने बताया कि वित्त वर्ष 2022-23 की तुलना में 2026-27 में अनुसूचित जाति उपयोजना का बजट आवंटन करीब 61 प्रतिशत बढ़कर 46,995 करोड़ रुपये और जनजातीय उपयोजना का आवंटन करीब 54 प्रतिशत बढ़कर 36,184 करोड़ रुपये हो गया है. 

उन्होंने छात्रावासों, एकलव्य विद्यालयों, अनुप्रति कोचिंग योजना और अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जानकारी भी दी.

इसके बाद मुख्य सचिव ने राजस्थान संपर्क 181 केंद्र पहुंचकर वीडियो कॉल के जरिए पांच परिवादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए.

सीकर के विद्यालय में छात्राओं के साथ अनुचित स्पर्श की शिकायत पर सख्त कार्रवाई के साथ स्कूलों में सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श को लेकर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए.

उन्होंने शिकायतों के निस्तारण में तेजी और परिवादियों की संतुष्टि बढ़ने पर प्रसन्नता जताई. रिपोर्ट के अनुसार नगरीय निकायों में शिकायतों का औसत निस्तारण समय 18 से घटकर 12 दिन और ग्रामीण पेयजल सेवाओं में 16 से घटकर 12 दिन रह गया है.

स्वामित्व योजना की  समीक्षा:
वहीं, प्रधानमंत्री की 25 नवंबर को प्रस्तावित प्रगति समीक्षा बैठक के मद्देनजर मुख्य सचिव ने स्वामित्व योजना की समीक्षा की. अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के 36,054 गांवों में ड्रोन सर्वे पूरा हो चुका है, जो 99.4 प्रतिशत है. अब तक 19 लाख 9 हजार से अधिक स्वामित्व कार्ड वितरित किए जा चुके हैं. मुख्य सचिव ने जिला कलेक्टरों को शेष सर्वे, जमीनी सत्यापन और कार्ड वितरण का काम तेजी से पूरा करने तथा प्रगति पोर्टल पर रिपोर्ट अपलोड करने के निर्देश दिए.

इससे पूर्व दक्षिण कोरिया दौरे  से पहले उन्होंने मोती डूंगरी गणेश मंदिर में दर्शन करके पूजा अर्चना की और दौरे  की सफलता की मंगल कामना की.